रायबरेली के कलेक्ट्रेट स्थित बैनामा ऑफिस में शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया। जब एक महिला ने अपने ही पति को शराब पिलाकर जबरन जमीन का बैनामा कराने की साजिश का आरोप लगाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भदोखर थाना क्षेत्र के पीताम्बरपुर गांव निवासी सविता सिंह को सूचना मिली कि उनके पति, आशू सिंह को कुछ लोग बहला-फुसलाकर और शराब पिलाकर बैनामा ऑफिस ले आए हैं, जहां उनकी जमीन का रजिस्ट्री कराने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही सविता सिंह अपने बच्चों के साथ तत्काल बैनामा कार्यालय पहुंच गईं।

कार्यालय पहुंचने पर सविता सिंह ने देखा कि उनके पति नशे की हालत में कुछ लोगों के साथ मौजूद हैं और जमीन के बैनामे की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी हो रही है। यह देख सविता सिंह ने मौके पर ही विरोध शुरू कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल बन गया।
पीड़िता सविता सिंह ने आरोप लगाया कि सिरिहरा के राहुल यादव, श्याम बरन और वीरेंद्र नामक व्यक्ति उनके पति को बहला-फुसलाकर और शराब पिलाकर जबरन जमीन अपने नाम कराने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बैनामा लेखक और कुछ अन्य लोग भी इस पूरे मामले में संलिप्त थे और साजिश में शामिल होकर गलत तरीके से जमीन का हस्तांतरण कराने की कोशिश कर रहे थे।
हंगामा बढ़ता देख, आशू सिंह मौके से फरार हो गया, जिससे स्थिति और भी संदिग्ध हो गई। वहीं मौके पर मौजूद अन्य लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग वहां से खिसकते नजर आए। सविता सिंह का कहना है कि उनके पति बिना उनकी जानकारी के पारिवारिक संपत्ति को बेचने की कोशिश कर रहे थे। फिलहाल इस पूरे प्रकरण को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।










