Raebareli: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई सड़क भारी बारिश में जगह-जगह कटकर क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क की हालत देखकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं। दरीबा से कठघर होते हुए रायबरेली मार्ग को जोड़ने वाली इस सड़क पर कई स्थानों पर तेज बारिश के चलते कटान हो गई है। सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है।
लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क के किनारे की मिट्टी तेजी से कट रही है। कई जगह सड़क का किनारा पूरी तरह से खोखला हो चुका है, जबकि कुछ स्थानों पर सड़क का हिस्सा कटकर बह गया है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है।

निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी की गई। सड़क के किनारों पर जल निकासी और कटान रोकने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिसका खामियाजा अब बारिश के दौरान सामने आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया गया होता और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था होती तो इतनी जल्दी सड़क के कटने की स्थिति नहीं बनती।
जगह-जगह कटान, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
सड़क पर जगह-जगह हो रही कटान के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। विशेष रूप से रात के समय क्षतिग्रस्त हिस्से वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटान को रोकने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में सड़क का और बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो सकता है।
जांच और जल्द मरम्मत की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। साथ ही कटान वाले स्थानों पर तत्काल मरम्मत कराने और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजना के तहत खर्च किए गए धन से बनी सड़क यदि बारिश आते ही कटकर बहने लगे तो निर्माण कार्य और उसकी निगरानी करने वाले जिम्मेदारों की भूमिका की जांच जरूरी है।
अब सवाल यह है कि सड़क की बदहाल स्थिति पर जिम्मेदार विभाग कब तक आंखें मूंदे रहेगा और किसी बड़े हादसे के बाद ही मरम्मत की सुध ली जाएगी।










