रायबरेली: दबंगों ने गिराई 20 साल पुरानी साइकिल दुकान, कब्जे का आरोप; पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

रायबरेली के भदोखर क्षेत्र में दबंगों द्वारा 20 साल पुरानी साइकिल दुकान गिराकर कब्जे का आरोप। पीड़ित ने पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए एसपी से न्याय की मांग की।

रायबरेली जिले के भदोखर थाना क्षेत्र के अंतर्गत उत्तरपारा गांव में दबंगई का मामला सामने आया है, जहां शिकायतकर्ता पारस की साइकिल दुकान को विपक्षियों द्वारा जबरन गिराकर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित के अनुसार उसकी दुकान को कुछ दिन पहले ही तोड़ दिया गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ था।

बताया जा रहा है कि पारस बीते करीब 20 वर्षों से उसी स्थान पर साइकिल की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। लेकिन हाल ही में कुछ लोगों ने उसकी दुकान को ध्वस्त कर दिया और अब उसी जगह पर कब्जा करने की नीयत से दुकान के सामने ट्रक से बड़ी मात्रा में गिट्टी गिरा दी गई है।

पीड़ित का आरोप है कि इस संबंध में उसने पहले भी भदोखर थाने में शिकायत की थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से निराश होकर सोमवार को वह एक बार फिर पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचा और लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई।

पारस का कहना है कि जब भी वह विरोध करता है, तो विपक्षी उसे जान से मारने की धमकी देते हैं और लगातार उत्पीड़न कर रहे हैं। उसने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे उसकी जमीन व दुकान वापस दिलाई जाए।

इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी आक्रोश देखा जा रहा है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस प्रकरण में क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।

Other Latest News

Leave a Comment