रायबरेली : जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार, 30 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में खड़ी एक चार पहिया वाहन में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना के समय कलेक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने काम से मौजूद थे। वाहन से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर लोग तत्काल अपने कार्यालयों और आसपास के स्थानों से बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से टल गया।
अग्निशमन विभाग के अधिकारी मनीराम ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर मामले को संदिग्ध माना जा रहा है और जांच की जा रही है।
फिलहाल, घटना में किसी की हताहत होने की सूचना नहीं है । हालांकि जिस कार में आग लगी, वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।










