PCS 2024 : अक्सर मंजिलें उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। पंख फड़फड़ाने से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है। इसी हौसले की उम्मीद को लेकर रायबरेली की तंग गलियों से और उसे गांव से निकलकर कई संस्थानों की खाख छान कर खुद को सफलता की बुलंदियों पर पहुंचने वाली अनन्या त्रिवेदी ने आज यह साबित कर दिया कि कुछ भी संभव नहीं है। जिले की होनहार बेटी अनन्या त्रिवेदी ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UP PCS) 2024 की परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और हर कोई उन्हें बधाई दे रहा है।
कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली अनन्या त्रिवेदी एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें असाधारण उपलब्धि दिलाई है। उनकी मां रेखा रानी डीह ब्लॉक के यूपीएस राजापुर में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता एक जनरल स्टोर संचालित करते हैं। अनन्या का एक बड़ा भाई भी है, जो केंद्रीय सेवा में कार्यरत है।

अनन्या ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शहर के एक निजी स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने Banaras Hindu University (बीएचयू) से सामाजिक विज्ञान में स्नातकोत्तर (PG) की पढ़ाई की। वह स्नातक में गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुकी हैं, जो उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है।
खास बात यह है कि अनन्या ने घर पर रहकर ही UPSC और PCS जैसी कठिन परीक्षाओं की तैयारी की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया है। उनका कहना है कि परिवार के समर्थन और निरंतर मेहनत के बल पर ही यह मुकाम हासिल किया जा सका है।
अनन्या की इस उपलब्धि से न सिर्फ रायबरेली, बल्कि पूरे प्रदेश में गर्व का माहौल है। उनकी सफलता उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है। अनन्या की सफलता उन सभी युवाओं के लिए एक संदेश है, जो संसाधनों की कमी को अपनी कमजोरी मान लेते हैं। उन्होंने दिखा दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है। आज वह सिर्फ अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।










