बोकारो जिला के कथारा क्षेत्र के जारंगडीह कोलियरी स्थित बत्ती घर के समीप 8 अप्रैल 2026 बुधवार को जुग जाहेर सरना धोरोम बोंगा पर्व की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सचिव फेनी राम सोरेन तथा करमचंद हांसदा ने संयुक्त रूप से की। मुख्य रूप से बाहा बोंगा पर्व की तिथि निर्धारण पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, पर्व में आमंत्रित किए जाने वाले अतिथियों, मुख्य अतिथि के चयन एवं आयोजन स्थल की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा सहयोग राशि संग्रह करने पर भी सहमति बनी। बैठक को संबोधित करते हुए व्यवस्थापक फेनीराम सोरेन ने कहा कि बाहा बोंगा आदिवासी समाज का एक प्रमुख पारंपरिक पर्व है। इस अवसर पर पेड़-पौधों एवं खेतों में पूजा-अर्चना कर प्रकृति के प्रति आस्था प्रकट की जाती है।

उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज की सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति से गहरे जुड़ाव का प्रतीक है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 अप्रैल 2026 को जुग जाहेर सरना धोरोम बोंगा पर्व धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर संजय कुमार हांसदा, सुखलाल मुर्मू, बालेश्वर हांसदा, दिनेश बेसरा, सुखदेव मांझी, सुखराम हांसदा, राजाराम मुर्मू, साहेल राम हांसदा सहित आदिवासी समाज के कई लोग उपस्थित थे। सभी ने पर्व को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया।










