रांची में 12 और 13 अप्रैल को होगा MY Bharat Budget Quest 2026 का ग्रैंड फिनाले

झारखंड व पश्चिम बंगाल के चयनित प्रतिभागी प्रधानमंत्री से करेंगे वर्चुअल संवाद, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ कार्यक्रम में करेंगे शिरकत

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत, MY Bharat Budget Quest 2026 का दो दिवसीय फिनाले 12 और 13 अप्रैल को रांची के रिम्स ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। 12 अप्रैल को महिला युवा मॉक संसद कार्यक्रम रांची की महापौर रोशनी खलखो की उपस्थिति में होगा तथा 13 अप्रैल को मुख्य कार्यक्रम MY Bharat Budget Quest 2026 वर्चुअल कॉन्फ्रेंस की शोभा रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ बढ़ाएंगे।

इसकी जानकारी मेरा युवा भारत झारखंड की राज्य निदेशक ललिता कुमारी और मेरा युवा भारत की उप निदेशक लातेहार की कंचन कुमारी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर दी। जहां कार्यक्रम के उद्देश्य पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला गया। बताया गया कि यह ऐतिहासिक कार्यक्रम देशभर की बहु-स्तरीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता से चयनित प्रतिभाशाली युवाओं को एक मंच देता है।

दो दिवसीय विचार-मंथन सत्र में शिक्षाविद्, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और विषय विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो केंद्रीय बजट 2026 से संबंधित विषयों पर चर्चा करेंगे। इसका समापन 13 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद से होगा, जिसमें 17 स्थानों से 15,000 से अधिक युवा भाग लेंगे। यह भारत की अमृत पीढ़ी की भावना को दर्शाता है जो केवल देश की विरासत नहीं संभाल रही, बल्कि उसके भविष्य को आकार भी दे रही है।

VBYLD – बजट संदर्भ जिससे विचार उभरे

2 फरवरी 2026 को केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा प्रारंभ किया गया MY Bharat Budget Quest 2026, युवाओं की आकांक्षाओं को केंद्रीय बजट 2026 से जोड़ने वाला एक परिवर्तनकारी मंच बनकर उभरा है। बजट 2026 में शामिल कई विचार Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD 2026) से प्रेरित है, जो नीति निर्माण में युवाओं को केंद्र में रखने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आत्मनिर्भर भारत और सहभागी शासन की दृष्टि पर आधारित यह पहल तीन चरणों में आयोजित हुईः राष्ट्रीय क्विज़, नौ विकास विषयों पर निबंध प्रतियोगिता, और राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ अंतिम संवाद।

देशभर में इस कार्यक्रम में 12 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया और 46,500 से अधिक निबंध प्राप्त हुए, जिससे यह देश के सबसे बड़े युवा नीति संवाद अभियानों में से एक बन गया। रांची में चयनित प्रतिभागी मानव पूंजी (शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार) तथा भविष्य की अर्थव्यवस्था (डिजिटल, तकनीक और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था) जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।

Other Latest News

1 thought on “रांची में 12 और 13 अप्रैल को होगा MY Bharat Budget Quest 2026 का ग्रैंड फिनाले”

Leave a Comment