बोकारो थर्मल स्थित त्रिजल मैरिज हॉल में रविवार को जनता मजदूर संघ की सीसीएल रीजनल कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय महामंत्री सिद्धार्थ गौतम के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रीजनल अध्यक्ष कमलेश सिंह ने की, जबकि संचालन रीजनल सचिव ओम प्रकाश सिंह उर्फ टीनू सिंह ने किया।
बैठक में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से आए अध्यक्ष, सचिव, यूनिट पदाधिकारी, बोर्ड सदस्य एवं केंद्रीय पदाधिकारी शामिल हुए। केंद्रीय महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने सभी क्षेत्रों एवं शाखाओं के पदाधिकारियों से एक-एक कर बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान पर चर्चा की।

बैठक के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता बढ़ाने तथा श्रमिकों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही 1 अप्रैल से लागू होने वाले चार लेबर कोड के प्रभाव और उसके तहत संगठन की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर सीसीएल रीजनल कमेटी का पुनर्गठन किया गया। जिसमें कमलेश सिंह को अध्यक्ष, अनिल सिंह, निशि पांडे, रामदेव सिंह, अशोक शर्मा व सुखदेव प्रसाद को उपाध्यक्ष, ओम प्रकाश सिंह उर्फ टीनू सिंह को सचिव बनाया गया। वहीं चंदन तीवरथ, जितेंद्र त्रिपाठी, महेंद्र सिंह, राजकुमार महतो व बैरिस्टर सिंह को संगठन सचिव, आशीष दुबे, टेकलाल महतो, अरविंद प्रसाद व अवधेश उपाध्याय को सहायक सचिव तथा संतोष सिंह को कोषाध्यक्ष सह कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके अलावा 25 कार्यकारिणी सदस्य भी बनाए गए।
बैठक में आरकेएमयू के वरिष्ठ नेता बैरिस्टर सिंह ने पुनः जनता मजदूर संघ की सदस्यता ग्रहण की। साथ ही भोला चौहान, गगन, देवराम, कार्तिक मांझी, ऋषि कुमार, उमेश कुमार सहित दर्जनों लोगों ने भी संघ की सदस्यता ली।
केंद्रीय महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि लेबर कोड लागू होने के बाद श्रमिकों पर पड़ने वाले प्रभाव और संगठन की भूमिका को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और श्रमिक हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।










