बदायूं में रहस्यमयी गोलीकांड! एक घायल लेकिन दो नाम, दो पते और दो घटनास्थल से मचा हडकंप

पहले राम सच्चे, फिर आतिफ… बयान बदलते ही उलझी कहानी, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

बदायूं जिले में गोली लगने से घायल एक युवक का मामला अब सीधी वारदात से ज्यादा एक पहेली बन गया है। युवक की पहचान, पता और घटनास्थल को लेकर सामने आ रही अलग-अलग कहानियों ने पुलिस को उलझन में डाल दिया है। यानि की बीतते घंटे के साथ यह मामला और संदिग्ध हो जा रहा है।

दरअसल यह घटना तब सामने आई जब बाइक सवार दो युवक एक गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। युवक के पेट के नीचे गुप्तांग के आसपास गोली लगी थी और हालत नाजुक थी। इमरजेंसी में तैनात डाॅक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पहचान बनी सबसे बड़ी पहेली

घायल के साथ आए युवक ने पहले उसकी पहचान राम सच्चे (19) पुत्र जगपाल,निवासी कुरिया जिला शाहजहांपुर बताई। लेकिन कुछ देर बाद बयान बदलते हुए वही युवक उसे आतिफ (19) पुत्र विद्रीश, निवासी आसपुर थाना अलापुर बताने लगा।

दो नाम और दो अलग-अलग पते, संदेह के घेर में आया मामला

इस हैरान कर देने वाली घटना को लेकर सिर्फ पहचान ही नहीं, गोली चलने की जगह को लेकर भी विरोधाभास सामने आया। पहले दावा किया गया कि घटना सिविल लाइंस क्षेत्र की मंडी समिति के पास हुई जबकि बाद में कहा गया कि वारदात अलापुर थाना क्षेत्र के दुगानी गांव के पास हुई।

पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

एक ही घायल, लेकिन दो नाम, दो पते और दो घटनास्थल इस उलझन ने पुलिस की जांच को और हैरानी में डाल दिया है। आशंका जताई जा रही है कि मामला आपसी रंजिश,गैंग कनेक्शन या किसी बड़ी आपराधिक साजिश से जुड़ा हो सकता है।

फिलहाल सिविल लाइंस और अलापुर थाना पुलिस दोनों एंगल से जांच में जुटी हुई है। दोनों बताए गए स्थानों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और फाॅरेंसिक टीम भी एक्टिव कर दी गई है।

जिला अस्पताल के डाक्टरों का कहना था कि घायल युवक की हालत नाजुक थी, गोली लगने से अंदरूनी खून बहाव ज्यादा है। इसलिए उसे बरेली हायर सेंटर के लिए प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया है।

बरहाल इस पूरे रहस्य से पर्दा तभी उठेगा जब घायल युवक होश में आएगा और आपबीती बयां करेगा चूंकि अभी उसे बेहतर उपचार के लिए बरेली के लिए भेज दिया गया है।

Other Latest News

Leave a Comment