बोकारो थर्मल पावर प्लांट में बड़ा हादसा टला, बेकाबू मालगाड़ी ने स्कॉर्पियो को घसीटा

डीवीसी के बोकारो थर्मल पावर प्लांट में रविवार सुबह करीब 7 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। प्लांट परिसर में एक बेकाबू मालगाड़ी प्लांट गेट को तोड़ते हुए बाहर निकल गई और गेट पर खड़ी एक स्कॉर्पियो को अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, मेन रेलवे लाइन का गेट बंद होने के कारण स्कॉर्पियो चालक गेट खुलने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कोयला खाली कर लौट रही मालगाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे गेट को तोड़ते हुए बाहर आ गई। मालगाड़ी ने स्कॉर्पियो (नंबर JH01FT 3824) को टक्कर मारते हुए करीब 400 से 500 मीटर तक घसीट दिया।

स्कॉर्पियो चालक अमरदीप ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राथमिक जांच में रेलवे और रैक प्रबंधन की लापरवाही सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि नियम के अनुसार रैक को इंजन आगे रखकर निकाला जाना चाहिए था, लेकिन इसे रिवर्स में निकाला जा रहा था। साथ ही पीछे गार्ड बोगी और सिग्नल की भी व्यवस्था नहीं थी। तेज रफ्तार के कारण मालगाड़ी करीब 500 मीटर आगे जाकर पटरी से उतरने के बाद रुकी। यदि उस समय मेन लाइन का गेट खुला होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, रेलवे अधिकारी और CISF टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव, स्टेशन मैनेजर शैलेश कुमार और CISF निरीक्षक प्रशांत कुमार प्रसून ने जांच शुरू कर दी है। रैक चालक अरुण कुमार से पूछताछ की जा रही है। स्टेशन मैनेजर ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रेलवे लाइन संचालन प्रभावित नहीं हुआ है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों और डीवीसी कर्मियों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि ओवरब्रिज का निर्माण समय पर पूरा हो जाता, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।

Other Latest News

Leave a Comment