फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। गांधीनगर तकीपुर के पास एक ट्रैक्टर को बचाने के प्रयास में एक ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराया। इसी दौरान पीछे से आ रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक रोडवेज बस भी ट्रक से जा भिड़ी। गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर के बावजूद भी बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
मथुरा से गौरी फंता जा रही थी बस जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस शाहजहांपुर डिपो की थी, जो मथुरा से गौरी फंता के सफर पर थी। घटना के वक्त बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। सभी को मामूली चोटें आई हैं।

क्या कहा ड्राइवर और कंडक्टर ने?
बस चालक मिथिलेश सिंह (निवासी कांठ, शाहजहांपुर) ने बताया कि बस की गति लगभग 40-45 किलोमीटर प्रति घंटा थी। आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने और टकराने के कारण बस का एक हिस्सा भी उससे जा टकराया।
परिचालक विजेंद्र सिंह (निवासी जलालाबाद) ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद फर्रुखाबाद जाने वाले यात्रियों को अन्य स्थानीय वाहनों से, जबकि गौरी फंता जाने वाले यात्रियों को पीछे से आ रही दूसरी बस में बैठाकर उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी और अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह सोलंकी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घबराए हुए यात्रियों को संभाला और क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे करवाकर हाईवे पर यातायात को फिर से सुचारु कराया।










