रायबरेली: समाज के उपेक्षित एवं संवेदनशील वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता को साकार करते हुए मातृभूमि सेवा मिशन धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र, हरियाणा अध्यात्म प्रेरित सेवा संस्थान की रायबरेली इकाई ने रविवार को पूर्वान्ह जिला कारागार के बिमटेक पुस्तकालय एवं वाचनालय में निःशुल्क नेत्र, ईएनटी एवं समग्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का प्रभावी आयोजन किया।
मातृ भूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्रा की प्रेरणा तथा जेल अधीक्षक प्रभात सिंह एवं जेलर हिमांशु रौतेला के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में लगभग 200 से अधिक बंदियों का परीक्षण कर उन्हें परामर्श, निःशुल्क दवाएं एवं जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ हुआ। आयोजन में कारागार प्रशासन की सक्रिय सहभागिता रही और व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की गईं।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक प्रभात सिंह ने कहा कि कारागार में निरुद्ध बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। जेलर हिमांशु रौतेला ने कहा कि ऐसे शिविर बंदियों में सकारात्मक ऊर्जा और विश्वास का संचार करते हैं, जो उनके पुनर्वास में सहायक है। शिविर में वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के. द्विवेदी एवं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. नीरज सैनी ने बंदियों की आंख, नाक, कान एवं गला संबंधी रोगों का गहन परीक्षण कर उपचार किया। डॉ. ए.के. द्विवेदी ने कहा कि नेत्रों की नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि छोटी लापरवाही भी गंभीर समस्या का रूप ले सकती है।
वहीं डॉ. नीरज सैनी ने कहा कि ईएनटी से जुड़ी बीमारियों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, समय पर जांच ही इसका प्रभावी समाधान है। शिविर में कारागार के डॉ. सुनील अग्रवाल, डॉ. मनीष मिश्रा सहित चिकित्सकीय टीम ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया, जबकि फार्मासिस्ट आशीष एवं अन्य स्टाफ ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा। मातृ भूमि सेवा मिशन इकाई की ओर से आयोजित नेत्र में शिविर में बंदियों को निःशुल्क दवाएं दी गईं। शहर के बस स्टेशन वाले पंकज चश्मा के नाम से मशहूर चश्मा विक्रेता सुरेश सोनी ने जरूरतमंद बंदियों को 190 से अधिक पुरुष और दर्जन भर महिला बंदियों को को निःशुल्क चश्मे वितरण किया। इसमें अमित अग्रहरि, रिया, सोनी एवं राजू सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर मातृभूमि सेवा मिशन इकाई के अध्यक्ष रामराज गिरी, संरक्षक महेंद्र अग्रवाल, महामंत्री देवेंद्र नाथ मिश्रा, जिला योग प्रभारी प्रकाश नारायण पाठक, संयोजक प्रदीप पांडेय, सह-संयोजक रामानुज मिश्रा एवं मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग और सक्रिय भूमिका निभाई। अध्यक्ष रामराज गिरी, संरक्षक महेंद्र अग्रवाल और संयोजक प्रदीप पांडेय ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है, और इसी भाव से मिशन निरंतर जनसेवा में जुटा है। मिशन पदाधिकारियों ने बताया कि यह पहल केवल चिकित्सा सेवा तक सीमित नहीं, बल्कि बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन, आत्मबल और सामाजिक पुनर्संयोजन की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
कार्यक्रम के अंत में कारागार प्रशासन एवं मिशन पदाधिकारियों ने एक-दूसरे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया। डिप्टी जेलर जन्मेजय सिंह और डिप्टी जेलर धर्मपाल सिंह ने बंदियों को पूरे अनुशासन के साथ शिविर की सफलता में योगदान किया। कार्यक्रम में हेड वार्डर सज्जन अवस्थी, वार्डर संजू कुमार, मनीष भारती, आशीष, दिग्विजय पाल, शिखर द्विवेदी, राजेश कुमार सहित कारागार के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










