रायबरेली: अभिनेता गौरव कुमार की आगामी फिल्म ‘प्रधानी’ का पोस्टर लॉन्च कर दिया गया है। फिल्म का पोस्टर सामने आते ही दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और जल्द ही इसे रिलीज किया जाएगा। वर्तमान समय में अभिनेता गौरव कुमार मुंबई में अपनी नई वेब सीरीज की शूटिंग में व्यस्त हैं।
फिल्म ‘प्रधानी’ गांव की वास्तविक घटनाओं पर आधारित एक सामाजिक और यथार्थवादी कहानी है। फिल्म में दिखाया गया है कि गांवों में प्रधान के पास आने वाले सरकारी बजट का किस प्रकार उपयोग होता है, किस तरह गरीबों की मदद की जाती है या कई बार उनके हक का पैसा दबा लिया जाता है। फिल्म ग्रामीण राजनीति और भ्रष्टाचार की सच्चाई को पर्दे पर उतारने का प्रयास करती है।

फिल्म के निर्देशक नरेंद्र कनौजिया हैं। उन्होंने दावा किया है कि यह फिल्म दर्शकों को पूरी तरह वास्तविकता का एहसास कराएगी। फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को लेकर इसे चर्चित वेब सीरीज पंचायत से अलग और नए अंदाज की बताया जा रहा है।
फिल्म में अभिनेता गौरव कुमार ने ‘रामू दलाल’ नामक किरदार निभाया है, जो फिल्म का मुख्य विलेन है। पोस्टर में उनका खतरनाक लुक दर्शकों को काफी आकर्षित कर रहा है। फिल्म की स्टार कास्ट में राजेश श्रीवास्तव, गौरव कुमार, आदित्य, शेखर और दिनेश कुमार श्रीवास्तव प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
गौरव कुमार इससे पहले भी कई फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उनकी चर्चित फिल्मों में रायबरेली, सीतापुर सिटी ऑफ गैंगस्टर, संदेह, नाच बसंती नाच, सूबेदार और लाल दाना शामिल हैं।
इसके साथ ही अभिनेता गौरव कुमार ने जानकारी दी कि वह जल्द ही अपनी नई फिल्म ‘लव कमीना लव’ की शूटिंग अपने गृह जनपद रायबरेली में शुरू करेंगे। खास बात यह है कि इस फिल्म में रायबरेली के स्थानीय कलाकारों को अभिनय का अवसर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच मिल सकेगा।










