रायबरेली: साइबर ठगी के मामले में थाना कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार,18 अप्रैल 2026 को पीड़ित सूर्यभान सिंह द्वारा थाना कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर आरटीजीएस के माध्यम से विभिन्न खातों में धनराशि ट्रांसफर करा ली थी।
इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 0094/2026 धारा 318(4),319(4) बीएनएस व 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त खातों को होल्ड कराया तथा जांच आगे बढ़ाते हुए धारा 61(2) बीएनएस और आईटी एक्ट की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।

पुलिस अधीक्षक रायबरेली के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में फरीयाद अहमद पुत्र नौशाद अहमद निवासी चंगिया थाना फखरपुर जनपद बहराइच तथा अरमान पुत्र मो. हामिद निवासी कानूनगोपुरा थाना कोतवाली नगर बहराइच व प्रदीप गौतम पुत्र कंधईलाल निवासी ग्राम खैराबाजार तारापुर थाना बौड़ी जनपद बहराइच शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 46 हजार रुपये नकद, तीन अदद मोबाइल फोन तथा एक फटा हुआ चेक बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों को अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।










