बोलानी थाना क्षेत्र में चोरी की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने सुरंग बनाकर टाउनशिप स्थित विष्णु मंदिर मार्केट कॉम्प्लेक्स में एक बंद राशन दुकान को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने दुकान के पीछे की दीवार में सुरंग बनाकर अंदर प्रवेश किया और आराम से चोरी की घटना को अंजाम दिया।
दुकान मालिक को आधी रात मिली सूचना
पीड़ित दुकानदार मानस रंजन साहू ने बताया कि वे रोजाना की तरह रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सब कुछ सामान्य था, लेकिन आधी रात को एक फोन कॉल ने उनकी नींद उड़ा दी। सूचना मिली कि दुकान में चोरी हो गई है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसा गया है और दुकान का सामान बिखरा पड़ा है।

बोरे और कार्टन में भरकर ले गए सामान
चोरों ने बड़ी ही व्यवस्थित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। दुकान में रखे कीमती राशन सामग्री को बोरे और कार्टन बॉक्स में भर-भरकर ले जाया गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी की इस घटना में हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। जिस तरह से सामान उठाया गया, उससे यह साफ है कि चोरों ने पहले से पूरी योजना बना रखी थी।
थाने में शिकायत, जांच शुरू
घटना के बाद मानस रंजन साहू ने बोलानी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाके में पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
व्यापारियों में डर
इस घटना के बाद मार्केट कॉम्प्लेक्स के अन्य दुकानदारों में डर का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अगर इस तरह की वारदातें जारी रहीं तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने पुलिस से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने और रात में गश्त तेज करने की मांग की है।










