रायबरेली दौरे पर राहुल गांधी, बछरावां से खीरों-लालगंज तक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

पवन पुत्र का आशीर्वाद लेकर सांसद राहुल गांधी ने किया नवनिर्मित बारात घर व सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अपने दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे। जनपद पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले बछरावां क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पीपलेश्वर चुरूवा हनुमान मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर पवन पुत्र महाबली हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के बाद राहुल गांधी का काफिला अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हुआ।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का किया जोरदार स्वागत

बछरावां क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सुशील पासी, कांग्रेस नेता रमेश शुक्ला, महेरी ग्राम सभा के प्रधान देशराज यादव, मंडल अध्यक्ष अवधेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

इसके बाद राहुल गांधी ने विकास क्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा मजरे महेरी ग्राम सभा में नवनिर्मित बारात घर का लोकार्पण एवं उद्घाटन किया। कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में ग्रामीणों और समर्थकों की भीड़ जुटी रही। इसके साथ ही बछरावां, खीरों और लालगंज क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों के उद्घाटन कार्यक्रम भी संपन्न हुए।

ग्रामीणों का कहना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और सामाजिक आयोजनों के लिए स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। कार्यक्रम स्थलों पर बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और ग्रामीण मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर साधा निशाना

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नौजवान, किसान, महिला और संविधान विरोधी नीतियों पर कार्य कर रही है। राहुल गांधी ने देश में बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आने वाले समय में आर्थिक स्थिति और गंभीर हो सकती है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी आज बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। दिहाड़ी मजदूरों और किसानों की हालत लगातार खराब हो रही है। राहुल गांधी ने उद्योगपतियों अडानी और अंबानी का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन्हीं बड़े उद्योगपतियों के सहारे चल रही है, जबकि आम जनता की आवाज को दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों और पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है।

कार्यक्रम में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा (Kishori Lal Sharma) बछरावां विधानसभा कोऑर्डिनेटर मनोज यादव, कार्यालय सचिव अविनाश चंद्र बाजपेई, युवा कांग्रेस नेता विनोद पासी, गोवर्धन प्रसाद मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

Other Latest News

Leave a Comment