लोधवारी ग्राम में दौरे के दूसरे दिन वीरा पासी की मूर्ति का किया अनावरण संबोधन में राहुल गांधी का बीजेपी पर बड़ा हमला, बोले- “देश को अमेरिका के हाथों सौंप दिया गया”

रायबरेली: दिनांक 20 में 2026 दिन बुधवार को समय करीब 2:00 बजे कांग्रेस नेता एवं रायबरेली के सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। दौरे के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम जनता से मुलाकात की तथा कई जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर जमकर निशाना साधा।

दूसरे दिन राहुल गांधी सबसे पहले भुएमऊ गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनमानस से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद वह सदर विधानसभा क्षेत्र की लोधवारी ग्राम सभा पहुंचे, जहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और करीब पांच हजार लोगों की मौजूदगी में विशाल जनसभा आयोजित की गई।

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को अमेरिका के हाथों सौंप दिया है और आने वाले समय में देश में बड़ा राजनीतिक एवं सामाजिक भूचाल आने वाला है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता से परेशान है।

कार्यक्रम स्थल पर “बहुजन स्वाभिमान सभा” का बैनर भी लगाया गया था। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम का आयोजन राही ब्लॉक प्रमुख की ओर से कराया गया था। राहुल गांधी के भाषण के दौरान भाजपा विरोधी नारों के बीच समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

लोधवारी में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राहुल गांधी सीधे अमेठी जनपद के लिए रवाना हो गए। इससे पहले अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन उन्होंने बछरावां विधानसभा क्षेत्र के बाहरी गांव में नवनिर्मित बारात घर का लोकार्पण किया था। इसके अलावा हरचंदपुर विधानसभा के खीरों में जनसभा को संबोधित किया और सरेनी विधानसभा के लालगंज में आयोजित महिला जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां महिलाओं पर हो रहे अत्याचार और सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा की गई।

दौरे के दौरान राहुल गांधी ने शहर के गोरा बाजार क्षेत्र में एक सड़क का उद्घाटन भी किया। उनके इस दो दिवसीय दौरे को लेकर जिले की राजनीति में हलचल तेज रही और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Other Latest News

Leave a Comment