Kendua: सिख धर्म के पांचवें गुरु एवं प्रथम शहीद श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस के अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सिख समुदाय द्वारा अलकुसा नंबर-6 स्थित मुख्य मार्ग पर सेवा एवं श्रद्धा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर राहगीरों और आमजन के लिए ठंडा शर्बत, चना एवं सूजी के हलुए का वितरण किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर भव्य पंडाल सजाकर श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज का चित्र स्थापित किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद सिख महिला मंडली, पुरुषों एवं स्थानीय युवाओं ने सेवा भाव से सड़क से गुजरने वाले पैदल यात्रियों, वाहन चालकों, बाइक सवारों, बस यात्रियों सहित हजारों लोगों को अपने हाथों से ठंडा शर्बत पिलाया तथा प्रसाद स्वरूप चना और सूजी का हलुआ वितरित किया। इस सेवा कार्य की लोगों ने जमकर सराहना की।

इस अवसर पर स्थानीय सिख समाजसेवी नीतू सिंह ने बताया कि श्री गुरु अर्जन देव जी सिख धर्म के पांचवें गुरु तथा प्रथम शहीद थे। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष शहीदी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब द्वारा दिए गए मानव सेवा, त्याग और समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी वर्षों में इस कार्यक्रम को और अधिक भव्य एवं बेहतर स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नीतू सिंह, रंजीत सिंह, लक्की सिंह, सरदार गोल्डी सिंह, अमीर सिंह, शेरु सिंह, श्रवण सिंह, बॉबी सिंह, बिट्टू सिंह, गौरी शंकर राजभर, प्रदीप कुमार, भरत चौधरी, टिंकू कुमार, हीरा राजभर एवं हरपाल सिंह का विशेष योगदान रहा।
वहीं सिख महिला मंडली की ओर से जसबीरा कौर, परमजीत कौर, प्रीति कौर, पूनम कौर, रूबी कौर एवं राजबिंदर कौर सहित अन्य महिलाओं ने भी सेवा कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।










