सदर विधायक Aditi Singh ने किया AB मोटर्स की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर एवं थ्री-व्हीलर एजेंसी का शुभारंभ

रायबरेली शहर मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर स्थित मालिन का पुरवा में मंगलवार को AB मोटर्स की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर एवं थ्री-व्हीलर एजेंसी का भव्य शुभारंभ किया गया। एजेंसी का उद्घाटन सदर विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण, ग्राम प्रधान, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

यह एजेंसी बाला जी इंटरप्राइजेज एवं हर्ष इंटरप्राइजेज के मालिक राजीव कुमार जायसवाल के प्रयासों से स्थापित की गई है। उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों ने नई एजेंसी के शुभारंभ पर संचालकों को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) ने कहा कि देश में तेजी से बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की बढ़ती कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग समय की आवश्यकता बन गया है। केंद्र सरकार द्वारा भी स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहन एजेंसी का खुलना स्थानीय लोगों के लिए लाभदायक साबित होगा।

एजेंसी के संचालकों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की स्वच्छ ऊर्जा और हरित परिवहन की सोच से प्रेरित होकर इस परियोजना की शुरुआत की गई। ग्राम प्रधान राजू कुमार ने बताया कि उन्होंने लगभग एक माह पूर्व इस एजेंसी की स्थापना का संकल्प लिया था और आज वह सपना साकार हो गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को अब इलेक्ट्रिक स्कूटी और थ्री-व्हीलर खरीदने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने एजेंसी में उपलब्ध आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहनों का अवलोकन किया तथा उनकी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की। वक्ताओं ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर हैं, बल्कि इनके संचालन और रखरखाव की लागत भी पारंपरिक वाहनों की तुलना में काफी कम होती है।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे आयोजन उत्सव का रूप लेता नजर आया।

Other Latest News

Leave a Comment