Bahraich: बीते दिनों हुई लगातार बारिश के बाद उफनाई घाघरा नदी का जलस्तर अब तेजी से घटने लगा है। नदी के खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण महसी, शिवपुर और मिहींपुरवा क्षेत्र के करीब 30 गांव पानी से घिर गए थे। जलस्तर में कमी आने के बाद इन इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी का जलस्तर अब खतरे के निशान से 38 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया है। लगातार जलस्तर घटने से ग्रामीण क्षेत्रों में भरा बाढ़ का पानी भी धीरे-धीरे निकल गया है। इससे आवागमन की स्थिति में सुधार हुआ है और तटवर्ती गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली है।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी का जलस्तर बढ़ने के दौरान उन्हें घरों में पानी घुसने और आवागमन बाधित होने की चिंता सता रही थी। अब पानी कम होने से दैनिक गतिविधियां धीरे-धीरे सामान्य होने लगी हैं। प्रशासन की ओर से भी प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।










