Raebareli: रायबरेली जिला कारागार परिसर में रविवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में निर्मित स्मारक का भव्य लोकार्पण किया गया। आज दिनांक 28 जून 2026, प्रातः लगभग 10:00 बजे आयोजित कार्यक्रम में महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश, पी.सी. मीणा ने दीप प्रज्वलित कर स्मारक का उद्घाटन किया तथा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस स्मारक पर जनपद रायबरेली के 359 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम अंकित किए गए हैं, जिन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक पी.सी. मीणा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे स्मारक हमारे इतिहास को संजोने के साथ-साथ युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक रवि कुमार एवं जेल अधीक्षक प्रभात सिंह ने महानिदेशक पी.सी. मीणा का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।
इस अवसर पर कारागार विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।










