Raebareli में महिला पर दबंगों का कहर! Mission Shakti को ठेंगा, शिकायत के बाद भी मिल रही जान से मारने की धमकी

Raebareli: उत्तर प्रदेश सरकार जहां महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति (Mission Shakti) अभियान चलाकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र से सामने आई घटना इन दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। बरवलिया गांव में दबंगों ने एक महिला को बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसका इलाज कराया गया।

पीड़िता नूरजहां ने घटना की शिकायत सरेनी थाने में की, जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पीड़िता और उसके परिवार का उत्पीड़न नहीं रुका। आरोप है कि विपक्षी लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है।

इलाज के बाद घायल नूरजहां सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और एसपी से मिलकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा अपनी सुरक्षा की मांग की। पीड़िता का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो उसके और उसके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है।

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पीड़िता खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है, तो कानून का भय आखिर किसे है?

वहीं, इस मामले में सरेनी थाना प्रभारी रमेश चंद्र यादव ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Other Latest News

Leave a Comment