Raebareli: शहर में ‘पटाखा बुलेट बाइक’ वालों पर ARTO का एक्शन! मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न वाली गाड़ियां सीज, बिगड़ैल युवकों में मचा हड़कंप

रायबरेली (Raebareli) की सड़कों पर तेज रफ्तार के साथ मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर धमाकेदार आवाज निकालने वाले और प्रेशर हॉर्न से लोगों को परेशान करने वाले बाइक सवारों पर मंगलवार शाम एआरटीओ प्रवर्तन की सख्त कार्रवाई देखने को मिली। 30 जून 2026 को शाम करीब 6 बजे कोतवाली नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख चौराहों पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान ने सड़क पर स्टंट और शोर मचाकर दहशत फैलाने वाले युवकों में हड़कंप मचा दिया।

अपने सख्त और अनुशासित कार्यशैली के लिए पहचान रखने वाले सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) उमेश कुमार कटियार स्वयं सड़क पर उतरे और संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रुकवाकर उनकी बारीकी से जांच कराई। जांच के दौरान जिन वाहनों में मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगे मिले, उनके खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई की गई, जबकि कई वाहनों को सीज कर स्थानीय चौकी में खड़ा करा दिया गया।

बताया जाता है कि शहर में कुछ युवक अपनी बाइकों में अवैध रूप से मोडिफाइड साइलेंसर लगवाकर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालते हुए फर्राटा भरते हैं। अचानक होने वाली इन धमाकेदार आवाजों से राहगीर, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे घबरा जाते हैं। कई बार वाहन चालक संतुलन खो देते हैं, जिससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे अराजक तत्वों की वजह से आम लोगों का सड़क पर सुरक्षित चलना मुश्किल हो जाता है।

एआरटीओ की कार्रवाई की सूचना मिलते ही शहर में तेज आवाज करने वाली बाइकों से घूमने वाले कई युवक अपने रास्ते बदलते नजर आए। जिन सड़कों पर रोजाना इन बाइकों का शोर सुनाई देता था, वहां अभियान के दौरान सन्नाटा दिखाई दिया। इससे साफ है कि प्रशासन की सख्ती का असर मौके पर ही देखने को मिला।

ARTO प्रवर्तन ने दी दो टूक चेतावनी

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) उमेश कुमार कटियार ने बताया कि मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया है। दिनभर में लगभग एक दर्जन ऐसे वाहनों पर चालान और सीज की कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सड़क पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई से आम नागरिकों ने राहत की उम्मीद जताई है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार अभियान चलता रहा तो सड़क पर शोर मचाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले अराजक तत्वों पर प्रभावी लगाम लग सकेगी।

Other Latest News

Leave a Comment