Bokaro Thermal: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (DVC) के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बरियार काछो पंचायत में डीप बोरिंग, सोलर संचालित पंप तथा 2000 लीटर क्षमता वाली ऊंची पानी टंकी लगा दिया गया है। इस योजना के पूरा होने के बाद हजारों ग्रामीणों को सालभर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जानकारी के अनुसार, बरियार काछो पंचायत में इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत डीप बोरिंग का कार्य सोमवार रात से शुरू हो गया। मंगलवार को नयाबस्ती में बोरिंग एवं सोलर पंप लगाने का कार्य जारी है। इसके अलावा पंचायत के नारायणपुर, लहिया तथा पिलपिलो गांव में भी चरणबद्ध तरीके से डीप बोरिंग, सोलर पंप और 2000 लीटर क्षमता की पानी टंकी स्थापित की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से गर्मी के मौसम में पेयजल संकट की समस्या बनी रहती है। कई स्थानों पर लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है। ऐसे में डीवीसी सीएसआर की यह योजना ग्रामीणों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है। सोलर पंप के माध्यम से बिना बिजली पर निर्भर हुए नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे गांवों के लोगों को स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध होगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने डीवीसी सीएसआर (DVC CSR) की इस जनकल्याणकारी पहल का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की उम्मीद अब दिखाई देने लगी है। लोगों का कहना है कि योजना पूरी होने के बाद महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक राहत मिलेगी तथा गांवों में पेयजल की उपलब्धता पहले की तुलना में कहीं बेहतर होगी।
ग्रामीणों ने डीवीसी प्रबंधन एवं सीएसआर (CSR) विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़ी ऐसी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे ग्रामीणों का जीवन स्तर और बेहतर हो सके।










