Sonam Wangchuk Protest: रायबरेली (Raebareli) शहर के डिग्री कॉलेज चौराहे पर सोमवार को युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस नेता शीतांशु मौर्य ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए नीट परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों ने देश के लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है और सरकार इस मामले में जवाबदेही तय करने में विफल रही है।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जिले भर में चरणबद्ध तरीके से बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की होगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि जब तक छात्रों के हितों की रक्षा नहीं होती और उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।










