Sawan Mahotsav 2026: सावन महोत्सव में महिलाओं ने बिखेरे उल्लास के रंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से महका माहौल

बोकारो थर्मल के गोविंदपुर 'डी' पंचायत भवन में आयोजित Sawan Mahotsav में महिलाओं ने गीत, नृत्य और गजल से माहौल को जीवंत बनाया साथ ही सामाजिक सौहार्द का भी संदेश दिया।

Sawan Mahotsav 2026: बेरमो प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर “डी” पंचायत भवन में रविवार को सावन महोत्सव का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने हरे रंग की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर सावन की हरियाली और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत कर दिया। नृत्य, संगीत, गजल एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं ने सावन की खुशियां एक-दूसरे के साथ साझा कीं।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुखिया चंदना मिश्रा, जिला परिषद सदस्या शहजादी बानो एवं उपमुखिया देवन्ती देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डीवीसी अस्पताल की नर्स संगीता एवं पार्वती तथा मंच संचालन कर रहे रामेश्वर साव को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
महोत्सव के दौरान रजनी नैय्यर मल्होत्रा ने अपनी शानदार गजल प्रस्तुति से उपस्थित लोगों की खूब वाहवाही बटोरी। महिलाओं ने सावन के पावन अवसर पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए उत्सव का आनंद लिया।

महिलाओं से आगे बढ़कर भूमिका निभाने की अपील

जिला परिषद सदस्या शहजादी बानो ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं तथा मन को प्रफुल्लित करते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता बताई।

मुखिया चंदना मिश्रा ने कहा कि सावन माह हरियाली, खुशहाली और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने महिलाओं से एक-दूसरे की सहयोगी बनकर समाज के प्रत्येक अच्छे कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मंजू राय, पुष्पा महथा, गायत्री देवी, रिंकू देवी, आशा देवी और रीता देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। वहीं आयोजन को सफल बनाने में राजू पंडित, मानु दा, छोटे मियां, समरनाथ चौबे, कृष्णा प्रजापति एवं वसीम पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Other Latest News

Leave a Comment