Bokaro Thermal: 9 सूत्री मांगों को लेकर सप्लाई मजदूरों की हुंकार, 12 अगस्त के प्रदर्शन की रणनीति बनी

Bokaro Thermal के BTPS में सप्लाई मजदूरों ने 9 सूत्री मांगों को लेकर 12 अगस्त के प्रदर्शन की रणनीति बनाई। ऊर्जा भत्ता, स्मार्ट मीटर, ग्रेच्युटी और आवास प्रमुख मुद्दे रहे।

Bokaro Thermal: DVC के बोकारो ताप विद्युत केन्द्र (BTPS) में कार्यरत सप्लाई मजदूरों की 9 सूत्री मांगों के समर्थन में संयुक्त मोर्चा द्वारा आगामी 12 अगस्त को परियोजना प्रधान कार्यालय पर प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को बोकारो थर्मल स्थित दुर्गा मंडप में भारी बारिश के बीच सप्लाई मजदूरों एवं उनके प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सप्लाई मजदूरों को स्थायी कर्मचारियों के समान ऊर्जा भत्ता देने, प्रीपेड स्मार्ट मीटर को पोस्टपेड मीटर में परिवर्तित कर बिजली बिल की राशि वेतन से कटौती करने, सेवानिवृत्त सप्लाई मजदूरों को समय पर ग्रेच्युटी का भुगतान सुनिश्चित करने, आवास किराया के नाम पर सामान्य किराया का 60 गुना की जा रही कथित अवैध कटौती बंद कर पूर्व में काटी गई राशि का समायोजन करने, सप्लाई मजदूरों के आवासों का समुचित अनुरक्षण करने, खाली अथवा अनुपयोगी एफ एवं जीएम टाइप आवासों का आवंटन करने तथा कार्यस्थल परिवर्तन के बाद कार्य की प्रकृति में बदलाव पर रोक लगाने सहित 9 सूत्री मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर डीवीसी ठेका मजदूर संघ के महामंत्री भरत यादव ने बताया कि हाल ही में डीवीसी मुख्यालय में नवपदस्थापित चेयरमैन, सदस्य सचिव एवं कार्यपालक निदेशक के साथ इन मांगों को लेकर अनौपचारिक वार्ता हुई है। उन्होंने मजदूरों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक को ब्रजकिशोर सिंह, नवीन पाठक, गणेश राम, नागेश्वर महतो एवं रघुवर सिंह ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने 12 अगस्त को प्रस्तावित प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि संगठित प्रयास से ही मजदूरों की मांगों का समाधान संभव है।

बैठक के उपरांत सड़क दुर्घटना में दिवंगत सप्लाई मजदूर रियाज अंसारी की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उपस्थित मजदूरों एवं प्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। बैठक की अध्यक्षता एवं संचालन ब्रजकिशोर सिंह ने किया।

Other Latest News

Leave a Comment