रायबरेली: सदर विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) के अनुरोध पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने लखनऊ के सत्यार्थ हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दिवंगत हुए लालजी सोनकर के पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹2 लाख की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही परिवार को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी दिलाया गया है।
बताया गया कि लालजी सोनकर विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) के परिवार के अत्यंत करीबी थे। उनके इलाज के दौरान हुई मौत के बाद विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए लखनऊ प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए रखा। विधायक की ओर से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोष पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

विधायक अदिति सिंह (Aditi Singh) ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य और जीवन के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा खिलवाड़ को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है और जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर पीड़ित परिवार की तत्काल आर्थिक सहायता किए जाने का अनुरोध किया था। इसके बाद मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवार को ₹2 लाख की सहायता उपलब्ध कराई गई। साथ ही परिवार को विधवा पेंशन, पारिवारिक लाभ योजना तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत दो बच्चों को प्रतिमाह ₹2,500 की आर्थिक सहायता का लाभ भी उपलब्ध कराया गया है।
अदिति सिंह ने कहा कि स्वर्गीय लालजी सोनकर के परिवार के दुख में वह पूरी संवेदना के साथ उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई कराने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार, उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह समेत सोनकर समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। मौके पर पीड़ित परिवार को हरसंभव प्रशासनिक एवं शासकीय सहायता उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई।
विधायक अदिति सिंह ने स्पष्ट कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक इस मामले को पूरी गंभीरता के साथ उठाया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही के कारण अन्याय होता है तो उसकी आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए हर संभव स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।










