Independence Day 2026: मांडू प्रखंड के नावाडीह स्थित टेकलाल महतो उच्च विद्यालय में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही विद्यालय परिसर में अलग ही रौनक देखने को मिली। छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालय के डायरेक्टर विनोद बिहारी महतो ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विद्यालय से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़े नारों के साथ लोगों में राष्ट्रीय भावना का संदेश दिया।
मुखिया संजय प्रसाद ने किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पंचायत के मुखिया संजय प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करते हुए नई पीढ़ी से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास पर जोर
विद्यालय के डायरेक्टर विनोद बिहारी महतो ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देना संस्थान की प्राथमिकता है। उनका प्रयास है कि बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसी उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक गतिविधियां, मनोरंजन से जुड़े आयोजन और विज्ञान प्रदर्शनियां आयोजित की जाती हैं।
बच्चों में दिखा उत्साह, कार्यक्रम ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यार्थियों में खास उत्साह नजर आया। प्रभात फेरी के दौरान बच्चों की भागीदारी ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। विद्यालय परिवार की ओर से राष्ट्रीय पर्व को केवल एक औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए बच्चों में देशप्रेम, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के डायरेक्टर विनोद बिहारी महतो ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी का पर्व हमें उन वीरों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनकी वजह से देश स्वतंत्र हुआ। उन्होंने विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों की ओर से देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
समारोह में ये लोग रहे मौजूद
स्वतंत्रता दिवस समारोह में रामप्रसाद महतो, जोहर केरकेट्टा, अनीता रानी, रश्मि कुल्लू, गंगा रानी, अनु कुमारी, रीता कुमारी, रीना कुमारी, पूजा भारती, सोनी कुमारी मुर्मू, संजय हेमरॉम, राधा कुमारी, पानेश्वरी कुमारी, पॉबिनस कुजूर, निकिता रानी, निखिल कुमार, पवन कुमार और राजेश महतो समेत विद्यालय परिवार से जुड़े लोग मौजूद रहे।










