Raebareli: मिल एरिया थाना क्षेत्र के प्रेमराजपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विद्यालय से चोरी किए गए दो सीलिंग फैन और एक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही दो मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रधानाध्यापक अर्चना अग्निहोत्री ने 9 सितंबर को मिल एरिया थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर विद्यालय से दो छत के पंखे, गैस सिलेंडर और कुछ राशन चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 238/2026 के तहत धारा 305/331(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मिल एरिया पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिला। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दोहरी क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित शर्मा पुत्र भारतलाल निवासी खेरी सैदपुर, रामबाबू सिंह पुत्र राज करन सिंह निवासी पूरे कुलही मजरे रुपामऊ और अंशु कुमार पुत्र शिववक्श निवासी पूरे पोरई मजरे दोहरी, थाना मिल एरिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सीलिंग फैन और एक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया। इसके अलावा दो मोटरसाइकिलें—यूपी 33 सीडी 7231 और यूपी 33 बीवी 1604—भी बरामद हुईं, जिन्हें धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
छह सदस्यीय टीम ने दबोचे आरोपी
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक कृष्णचन्द्र, मुख्य आरक्षी ज्ञान सिंह यादव, आरक्षी विश्वजीत सिंह, आरक्षी अंशुल कुमार, आरक्षी देवांशु और आरक्षी दीपक सिंह शामिल रहे।
विद्यालय में चोरी की घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां वारदात का खुलासा हुआ, वहीं बरामदगी ने मामले की जांच को भी आगे बढ़ाने का रास्ता साफ किया है। अब पुलिस यह भी पड़ताल कर रही है कि गिरफ्तार आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटना से संबंध तो नहीं है।










