Raebareli: रायबरेली जिले के विकासखंड अमावां में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को नई सौगात मिली है। सदर विधायक अदिति सिंह ने 24 लाख 16 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित बाल विकास परियोजना कार्यालय का लोकार्पण किया। नए कार्यालय के शुरू होने से क्षेत्र में विभागीय कार्यों और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के संचालन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
21 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र

लोकार्पण समारोह के दौरान सदर विधायक अदिति सिंह ने अमावां, राही और नगर क्षेत्र की नवचयनित 21 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित महिलाओं में खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर विधायक ने सभी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न पारंपरिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विधायक अदिति सिंह ने दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कराई। वहीं, दो छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके साथ ही जिला प्रोबेशन अधिकारी की ओर से 11 बेटियों का कन्या जन्मोत्सव मनाकर उनके जन्म की खुशियां साझा की गईं।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
इस मौके पर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। महिलाओं एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा को बेहतर बनाने में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नवचयनित कार्यकत्रियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
नवनिर्मित बाल विकास परियोजना कार्यालय का लोकार्पण और 21 कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरण अमावां क्षेत्र में बाल विकास सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास सुरेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी अमावां संदीप सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी अमावां अलका सक्सेना, बाल विकास परियोजना अधिकारी छतोह शिवशरण और मुख्य सेविका संध्या समेत विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










