Bokaro Thermal: नया बस्ती सामुदायिक भवन में मंगलवार को डीवीसी के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) एवं डीवीसी अस्पताल बोकारो थर्मल के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क महिला स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में कुल 214 महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस दौरान पांच महिलाओं का हीमोग्लोबिन स्तर करीब 6 ग्राम पाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें आयरन एवं कृमि नाशक दवाएं देकर आगे की जांच के लिए अस्पताल बुलाया।
शिविर का उद्घाटन महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान मधुकर श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पहले अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल और संजीवनी पौधा देकर स्वागत किया गया। स्वागत भाषण मनीष कुमार चौधरी ने दिया। कार्यक्रम को अरमो उपमुखिया अफजल हुसैन, मुखिया कैथरीना हांसदा, जिला परिषद सदस्य शहजादी बानो एवं डीजीएम हेल्थ एसके झा ने संबोधित किया। मंच संचालन डीएन शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रोशन लाल यादव ने किया।

बीपी से लेकर सिकल सेल तक की हुई जांच
शिविर में महिलाओं की ब्लड प्रेशर, वजन, हीमोग्लोबिन, सिकल सेल एवं ब्लड शुगर की निःशुल्क जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार अस्पताल एवं सीएसआर की ओर से दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान मधुकर श्रीवास्तव ने कहा कि सीएसआर और मेडिकल टीम के संयुक्त प्रयास से यह शिविर लगाया गया है। जांच के आधार पर महिलाओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। गंभीर बीमारी से पीड़ित महिलाओं को डीवीसी की ओर से हरसंभव मदद दी जाएगी, जो निगम के कार्यक्षेत्र के दायरे में होगा।
महिलाओं के दरवाजे तक पहुंच रही डीवीसी की स्वास्थ्य सेवा
जीएम एचआर एए कुजूर ने कहा कि कई महिलाएं विभिन्न कारणों से स्वयं अस्पताल नहीं पहुंच पाती हैं। ऐसे में डीवीसी उनके गांव और दरवाजे तक पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। यह अभियान आगे भी विभिन्न पंचायतों और गांवों में समय-समय पर जारी रहेगा।
वहीं, डीवीसी अस्पताल की डीजीएम डॉ. संगीता रानी ने बताया कि शिविर में पांच महिलाओं का हीमोग्लोबिन करीब 6 ग्राम पाया गया है। उन्हें आवश्यक दवाएं देकर अस्पताल में आगे की जांच के लिए बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि अगले महीने बीटीपीएस अस्पताल में प्रस्तावित परिवार नियोजन शिविर के लिए बंध्याकरण (लाइगेशन) का पंजीकरण भी किया गया है। यह ऑपरेशन पूरी तरह निःशुल्क होगा। उन्होंने महिलाओं से समय रहते पंजीकरण कराकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर को सफल बनाने में डॉ. रजनी मोरिन एक्का, संगीता कुमारी, दीपक कुमार, हेल्थ इंस्पेक्टर कृष्णा कुमार, फार्मासिस्ट संजय कुमार, एमपीएचडब्ल्यू सिद्दीक अंसारी, लैब टेक्नीशियन विवेक कुमार, एएनएम पूजा नायक, अशोक कुमार एवं दीपक दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, पूर्व उपमुखिया हरे राम यादव, रोशन लाल यादव, सीएसआर के भैरो महतो, जीवाधन महतो, रमेश यादव, विकास यादव, मेहीलाल मुर्मू, ओमप्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।










