Raebareli News: कोला हैबतपुर गांव में प्रधान पर तालाब की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम से की कार्रवाई की मांग

Raebareli: रायबरेली जिले की सदर तहसील क्षेत्र के थाना भदोखर ब्लॉक राही पूरे फकीर, मजरे कोला हैबतपुर गांव में सरकारी तालाब की भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और उनके परिजनों पर तालाब की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए तहसील दिवस में एसडीएम सदर को शिकायती पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में स्थित गाटा संख्या 121, रकबा 0.3290 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। आरोप है कि वर्तमान ग्राम प्रधान कृष्णकांत यादव और उनके परिजनों द्वारा उक्त तालाब की भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी उपयोग की तालाब भूमि पर किसी भी प्रकार का निजी कब्जा या निर्माण नियमों के विपरीत है।

शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इसी तालाब की भूमि से संबंधित क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में ग्रामीणों ने प्रशासन से राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति का सत्यापन कराकर यह स्पष्ट कराने की मांग की है कि सड़क निर्माण किस भूमि पर कराया जा रहा है।

ग्रामीणों ने एसडीएम सदर से पूरे मामले की स्थलीय जांच कराने, यदि कब्जा पाया जाए तो तालाब की भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब जैसी सार्वजनिक उपयोग की भूमि का संरक्षण किया जाना आवश्यक है।

Other Latest News

Leave a Comment