Raebareli: रायबरेली शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के आचार्य द्विवेदी नगर में बाइक चोरी का मामला सामने आया है। घर के बाहर निर्माणाधीन सड़क पर खड़ी बाइक को एक युवक चोरी कर ले गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार आचार्य द्विवेदी नगर निवासी भीम कुमार, जो सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक बताए जा रहे हैं, ने अपनी पैशन प्रो बाइक संख्या यूपी 33 एबी 2359 को निर्माणाधीन सड़क पर खड़ा किया था। इसके बाद वह किसी काम से घर के अंदर चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस बाहर आए तो बाइक मौके से गायब थी।

बाइक नहीं मिलने पर भीम कुमार ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो बाइक चोरी कर ले जाते हुए एक युवक दिखाई दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।
पीड़ित के मुताबिक घटना के संबंध में रविवार 4 अक्टूबर 2026 को करीब तीन बजे चौकी पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र दिया गया। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक चोरी करने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई करने तथा चोरी हुई बाइक को बरामद किए जाने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस के लिए बाइक चोर तक पहुंचने में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों में भी दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना को लेकर चिंता है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।










