Bokaro Thermal: राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अवसर पर बोकारो इस्पात संयंत्र की ओर से आयोजित नराकास अध्यक्षीय राजभाषा चल वैजयंती प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। विद्यालय ने पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया।
राजभाषा पखवाड़ा 14 से 28 सितंबर तक आयोजित किया गया था। इस दौरान बोकारो इस्पात संयंत्र की ओर से नराकास (नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति) के सदस्य संगठनों के बीच राजभाषा से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

खास बात यह है कि केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल करीब 40 वर्षों से नराकास में पंजीकृत नहीं था। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. आर. डे के विशेष प्रयास से पहली बार विद्यालय का नराकास में पंजीकरण कराया गया। इसके बाद विद्यालय ने राजभाषा प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और पहली ही भागीदारी में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
प्राचार्य को मिला पुरस्कार
राजभाषा पखवाड़ा के समापन-सह-पुरस्कार समारोह का आयोजन मंगलम बैंक्वेट हॉल, सेक्टर-4C, बोकारो स्टील सिटी में हुआ। समारोह में बोकारो स्टील प्लांट के प्रभारी निदेशक प्रिय रंजन ने केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के प्राचार्य डॉ. बी. आर. डे को राजभाषा चल वैजयंती का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया।
प्राचार्य डॉ. बी. आर. डे ने उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए डीवीसी बोकारो थर्मल के मुख्य महाप्रबंधक सुशील कुमार अरजरिया और केंद्रीय विद्यालय संगठन, रांची संभाग के उपायुक्त एस. बी. जोगलेकर के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों के सहयोग से विद्यालय को नराकास से जुड़ने और राजभाषा प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहन मिला।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। करीब चार दशक बाद नराकास में पंजीकरण, पहली बार प्रतियोगिता में सहभागिता और उसी वर्ष प्रथम पुरस्कार मिलना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। पुरस्कार मिलने के बाद विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।










