Raebareli: बसपा ने हरचंदपुर से शिवेंद्र कुमार शुक्ला को बनाया प्रत्याशी, प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने की घोषणा

Raebareli: बहुजन समाज पार्टी द्वारा हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के गुरबख्शगंज स्थित गन्ना काटा मैदान में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती के निर्देशानुसार शिवेंद्र कुमार शुक्ला को हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। इस घोषणा पर सम्मेलन में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव एवं सामाजिक विभाजन की स्थिति चिंताजनक है। प्रदेश को इन परिस्थितियों से बाहर निकालकर सुशासन, सामाजिक समरसता, विकास और खुशहाली के मार्ग पर आगे बढ़ाने का एकमात्र विकल्प बहुजन समाज पार्टी की ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति और बहन कुमारी मायावती जी का नेतृत्व है। उन्होंने हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं आम जनमानस से आह्वान किया कि सभी जाति, धर्म और वर्ग की सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट हों तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हरचंदपुर से बसपा प्रत्याशी शिवेंद्र कुमार शुक्ला को ऐतिहासिक विजय दिलाएं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहन कुमारी मायावती जी को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाकर ही प्रदेश में सुशासन, कानून-व्यवस्था, सामाजिक न्याय और सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।

मुख्य मंडल प्रभारी एवं पूर्व विधायक भीमराव अंबेडकर ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हरचंदपुर की जनता अब विकास, सम्मान और मजबूत नेतृत्व के लिए एकजुट हो रही है। उन्होंने बसपा के समस्त कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं सर्वसमाज के मतदाताओं से अपील की कि वे आपसी भेदभाव भुलाकर शिवेंद्र कुमार शुक्ला के पक्ष में पूरी मजबूती से खड़े हों। उन्होंने कहा कि हरचंदपुर में बसपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करना प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प होना चाहिए, ताकि विधानसभा क्षेत्र में विकास, तरक्की और जनहित के नए अध्याय की शुरुआत हो सके।

मुख्य मंडल प्रभारी एवं पूर्व विधायक दिनेश चंद्रा ने अपने संबोधन में कहा कि शिवेंद्र कुमार शुक्ला को बसपा प्रत्याशी घोषित किए जाने से हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के ब्राह्मण, दलित, पिछड़ा, अगड़ा, मुस्लिम सहित सर्वसमाज में उत्साह और हर्ष की लहर है।

मुख्य मंडल प्रभारी सूरज सिंह जाटव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने बहुजन समाज पार्टी के शासनकाल में सुशासन, कानून-व्यवस्था और विकास का मजबूत उदाहरण देखा है। आज प्रदेश की जनता एक बार फिर बहन कुमारी मायावती जी के नेतृत्व की ओर आशा और विश्वास भरी नजरों से देख रही है। उन्होंने कहा कि हरचंदपुर के इस विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र की जनता परिवर्तन के लिए उत्साहित है और आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को मजबूत समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध दिखाई दे रही है।

हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी घोषित किए गए शिवेंद्र कुमार शुक्ला ने बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन कुमारी मायावती जी एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस विश्वास पर पूरी निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, “हम सभी बहन कुमारी मायावती जी को उत्तर प्रदेश का पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं को विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के समस्त कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं सर्वसमाज के सम्मानित मतदाता मिलकर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी को भारी मतों से विजयी बनाएंगे। हरचंदपुर की यह विजय बहन कुमारी मायावती जी को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगी।”

उन्होंने कहा कि हरचंदपुर का विकास, प्रत्येक वर्ग का सम्मान, सामाजिक समरसता एवं क्षेत्र की जनता की खुशहाली उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उनका प्रयास रहेगा कि हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र विकास और तरक्की की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करे तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचे।

इस विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य मंडल प्रभारी अरुणेंद कुमार जी, मुख्य मंडल प्रभारी शैलेंद्र गौतम, मंडल प्रभारी अरविंद गौतम, मंडल प्रभारी मिथिलेश गौतम, मंडल प्रभारी रत्नेश पटेल, मंडल प्रभारी हरमेश पासी, मंडल प्रभारी राम कुमार गौतम एवं बसपा जिलाध्यक्ष बिनय अंबेडकर सहित बहुजन समाज पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारी, कार्यकर्तागण तथा हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Other Latest News

Leave a Comment