बरही (हजारीबाग): बरही में फुटबॉल का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंचने वाला है। बरही सुपर लीग युवा आजसू फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य फाइनल मुकाबला 18 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे बरही के रसोइया धमना चकुरा मैदान में खेला जाएगा। फाइनल को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह है।
फाइनल में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो का आगमन होगा। आजसू पार्टी के महासचिव सह हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी संजय मेहता कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे।

युवा आजसू के प्रदेश संयोजक विकास कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
उनके आगमन को लेकर आयोजकों और स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि श्री सुदेश महतो की उपस्थिति से आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी तथा खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा होगा।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमें खिताब अपने नाम करने के लिए पूरा दमखम लगाएंगी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को ₹51,000 तथा उपविजेता टीम को ₹31,000 की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। दर्शकों को खिलाड़ियों के कौशल, संघर्ष और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा। पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीमों ने जिस जज्बे के साथ खेल दिखाया है, उसे देखते हुए फाइनल के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
संजय मेहता ने कहा की युवा आजसू के साथियों द्वारा खेल प्रतिभाओं के लिए इस तरह के प्रतियोगिता का आयोजन काफी सराहनीय है। सुदेश महतो जी ने हमेशा से खिलाड़ियों एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया है। उनका इस कार्यक्रम में सम्मिलित होना खेल प्रतिभाओं के लिए एक गौरव का पल होगा।
युवा आजसू के राज्य संयोजक विकास सिंह ने बताया कि बरही सुपर लीग केवल एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देने की एक पहल है। उन्होंने कहा ऐसे आयोजनों से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है। इससे खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और युवाओं में टीम भावना, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
खेल युवाओं को नशा और भटकाव से दूर रखकर उन्हें सही दिशा देने का सशक्त माध्यम है, और ऐसे टूर्नामेंट गांव-गांव में छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन और संपूर्ण प्रबंधन की जिम्मेदारी युवा आजसू के प्रदेश संयोजक विकास सिंह एवं टीम के साथी संभाल रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा मैदान की व्यवस्था, दर्शकों के बैठने, सुरक्षा और कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं, ताकि फाइनल मुकाबला भव्य और यादगार बन सके।
बरही सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं, खेल प्रेमियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की साथ ही उन्होंने कहा की दर्शकों की मौजूदगी खिलाड़ियों के हौसले को नई ऊंचाई देती है और आयोजन की गरिमा बढ़ाती है। उक्त जानकारी युवा आजसू के प्रदेश संयोजक विकास सिंह ने दी।










