Raebareli News: सेंट पीटर्स स्कूल की प्रदर्शनी में दिखा बच्चों का हुनर, विज्ञान के मॉडलों ने खींचा ध्यान

हाइड्रोलिक जेसीबी से लेकर सोलर कार तक विद्यार्थियों ने पेश किए नवाचार के मॉडल, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

Raebareli: सेंट पीटर्स स्कूल एवं कॉलेज, रायबरेली में आयोजित कला, शिल्प एवं विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता देखने को मिली। छात्र-छात्राओं ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, गणित, कला और हस्तशिल्प से जुड़े विभिन्न मॉडल प्रस्तुत कर अपनी कल्पनाशीलता और तकनीकी समझ का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जेकब बोना डिसूजा ने मुख्य अतिथि सदर उपजिलाधिकारी गौतम सिंह (पीसीएस) तथा विशिष्ट अतिथि सेंट जोसेफ कॉलेज, प्रयागराज के प्रधानाचार्य फादर वाल्टर डिसिल्वा का स्वागत किया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए हाइड्रोलिक इलेक्ट्रिक जनरेटर, एयर प्यूरीफायर, रोबोट कंट्रोलर, हाइड्रोलिक ब्रिज, सोलर कार, वाटर लेवल इंडिकेटर और हाइड्रोलिक जेसीबी जैसे मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। इन मॉडलों के माध्यम से बच्चों ने विज्ञान के सिद्धांतों और तकनीक के व्यावहारिक उपयोग को समझाने का प्रयास किया।

इस दौरान भौतिक विज्ञान विशेषज्ञ आदर्श सिंह एवं डॉ. विवेक द्विवेदी, रसायन विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. हरिओम त्रिपाठी और जीव विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तूनीरा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों से उनके मॉडलों के संबंध में सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ जवाब देकर अपनी जानकारी और विषय की समझ प्रदर्शित की।

प्रधानाचार्य फादर जेकब बोना डिसूजा ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियां विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और व्यावहारिक कौशल विकसित करना भी है।

मुख्य अतिथि गौतम सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए वैज्ञानिक अभिरुचि और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि फादर वाल्टर डिसिल्वा ने कहा कि कला, शिल्प और विज्ञान का समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, परिश्रम और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रदर्शनी में कला एवं हस्तशिल्प की विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियां भी प्रदर्शित की गईं। कार्यक्रम में जनपद के गणमान्य नागरिकों और अभिभावकों की उपस्थिति रही।

Other Latest News

Leave a Comment