Bahraich: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज अंतर्गत ग्राम सभा बढ़ईया कलां के मजरा बानपुरवा में शुक्रवार सुबह एक मगरमच्छ के ग्रामीण के घर में घुस आने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे उसके प्राकृतिक जल आवास में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बानपुरवा निवासी आत्माराम पुत्र चंद्रिका प्रसाद के घर में शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे अचानक मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ को घर में देख परिजनों और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय वन कर्मी और रेस्क्यू टीम करीब 7 बजे मौके पर पहुंच गई।

वन कर्मियों ने सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर लोगों की आवाजाही रोकते हुए क्षेत्र को घेर लिया और स्थिति का जायजा लिया। करीब 7:30 बजे टीम ने सुरक्षित तरीके से मगरमच्छ का रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के दौरान किसी व्यक्ति या वन्यजीव को कोई नुकसान नहीं हुआ। इसके बाद मगरमच्छ का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और उसे सुरक्षित प्राकृतिक जल आवास में छोड़ दिया गया।
वन विभाग के अनुसार मानसून के बाद जलस्तर कम होने तथा बाढ़ का पानी उतरने के दौरान मगरमच्छ जल स्रोतों से निकलकर रिहायशी इलाकों के आसपास पहुंच सकते हैं। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि मगरमच्छ दिखाई देने पर उसे घेरने या पकड़ने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। बच्चों व मवेशियों को भी जल स्रोतों और संदिग्ध स्थानों से दूर रखें।










