Raebareli: रायबरेली जिले में आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने निर्देश दिए हैं कि 31 दिसंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाकर जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। इसमें परिवार के प्रत्येक पात्र सदस्य को शामिल किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई योजनाओं की समीक्षा

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाया जाए। एक नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
परिवार के सभी पात्र सदस्यों के बनेंगे कार्ड
समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में कई ऐसे पात्र परिवार हैं, जिनमें केवल एक सदस्य का ही आयुष्मान कार्ड बना है, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अभी तक योजना से नहीं जुड़ पाए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने ऐसे परिवारों को चिह्नित कर सभी पात्र सदस्यों के कार्ड प्राथमिकता से बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ड निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बुजुर्गों को शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड से जोड़ने पर जोर
डीएम ने विशेष रूप से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस आयु वर्ग के सभी पात्र बुजुर्गों को शत-प्रतिशत योजना से आच्छादित किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और पात्र वरिष्ठ नागरिकों की पहचान कर जल्द से जल्द कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी करें।
त्योहारों पर घर लौटने वालों के लिए बनेगी विशेष रणनीति
दीपावली एवं छठ पूजा के मद्देनजर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोजगार और आजीविका के लिए दूसरे राज्यों या जनपदों में रहने वाले जिले के तमाम लोग त्योहारों पर अपने घर लौटते हैं। इस दौरान उनके और परिवार के उन सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, जो अब तक योजना से छूटे हुए हैं। इसके लिए प्रभावी व्यवस्था कर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए।
जागरूकता और नियमित समीक्षा के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान संचालित करने, पात्र लाभार्थियों को जागरूक करने और कार्ड निर्माण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्र रहमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, एआरटीओ उमेश चन्द्र कटियार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










