Raebareli: जनगणना-2027: प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का एडीएम ने किया निरीक्षण

प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष, प्रगणकों को पारदर्शिता, गोपनीयता एवं सटीक आंकड़ों के संकलन के दिए निर्देश

Raebareli: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत तहसील सदर के हरचंदपुर ब्लॉक सभागार में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र तथा स्टेट मास्टर ट्रेनर आशुतोष तिवारी ने निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, प्रोजेक्टर, इंटरनेट कनेक्टिविटी, खानपान सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं। प्रशिक्षण निर्धारित समय पर प्रारंभ होता मिला तथा प्रतिभागियों की उपस्थिति का अभिलेखीकरण भी सुव्यवस्थित पाया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना की महत्ता बताते हुए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के कार्यों और दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें आंकड़ों की सटीकता, गोपनीयता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक पूरी जिम्मेदारी, सजगता और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित होगी। इस दौरान नागरिक स्वयं आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी एवं अपने परिवार की गणना स्वयं कर सकते हैं। उन्होंने प्रगणकों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस प्रक्रिया में भागीदारी कर सकें।

उन्होंने बताया कि इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक परिवार से निर्धारित प्रश्नों के आधार पर सही एवं पूर्ण जानकारी प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए।

स्टेट मास्टर ट्रेनर आशुतोष तिवारी ने प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रगणकों को व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से जनगणना के सभी 40 प्रश्नों की उपयोगिता एवं उनके महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने प्रश्नों को पूछने की सही प्रक्रिया, सूचनाओं के सटीक संकलन तथा कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही जनगणना संबंधी सहायता एवं जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 के बारे में प्रतिभागियों को अवगत कराया।

अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाएं।

Other Latest News

Leave a Comment