Kathara: डीएवी कथारा की वॉलीबॉल टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, अंडर-17 में बनी उपविजेता

कॉम्बैट गेम्स में भी विद्यार्थियों ने जीते कांस्य पदक, प्रार्थना सभा में खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

Kathara: डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दिल्ली में 24 से 26 अक्टूबर तक आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स-2026 में विद्यालय की अंडर-17 बालक वॉलीबॉल टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। वहीं कॉम्बैट गेम्स में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों के डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ियों ने 31 से अधिक खेल स्पर्धाओं में भाग लिया था। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली वॉलीबॉल टीम के नैतिक सिंह, हैप्पी शर्मा, राजवीर यादव, राजन यादव, शिफांसारी, अमित कुमार एवं पीयूष कुमार को सम्मानित किया गया। इसके अलावा जूडो में विक्रम बहादुर, बॉक्सिंग में शिवांश सिंह तथा वुशु में आदित्य ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

शनिवार, 7 नवंबर को विद्यालय की प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि मुख्य अभियंता (माइनिंग) श्री कृष्ण मुरारी ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। डीएवी एक ऐसा शिक्षण संस्थान है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देता है। विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर विद्यार्थी शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान दीपावली एवं छठ पर्व पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और पर्वों की खूबसूरती को प्रदर्शित किया।

विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-1 के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी.एन. खान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि अपने व्यस्त समय में से विद्यालय के लिए समय निकालकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना सराहनीय है। उन्होंने बच्चों से मुख्य अतिथि के प्रेरक विचारों को जीवन में आत्मसात करने तथा शिक्षा और खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों की इस उपलब्धि का श्रेय शारीरिक शिक्षक शिवप्रकाश सिंह, राहुल कुमार एवं ओंकार मिश्रा के मार्गदर्शन और मेहनत को दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आर.एस. मिश्रा, सीसीए समन्वयक जितेंद्र दुबे, बी.के. दसौंधी, असित कुमार गोस्वामी, रितेश कुमार, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, आराधना, मधुमल्लिका उपाध्याय, ओशीन, अर्शिया एजाज, सुरभि दुबे, मानसी सिन्हा, रीति कुमारी, संगीत कुमार, अश्विनी कुमार एवं विकास कुमार सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

Other Latest News

Leave a Comment