Kendua: करकेंद बाजार स्थित डेफोडिल्स एकेडमी में दीपावली के पावन अवसर पर रंगोली और दीया बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक दीये और मनमोहक रंगोलियां बनाईं। बच्चों की कलात्मक प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय दीपावली के रंगों में सराबोर नजर आया।
दीया बनाओ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता

दीया बनाओ प्रतियोगिता में नर्सरी से चौथी कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता को अलग-अलग समूहों में बांटा गया था। ग्रुप-ए में रुद्र कुमार ने प्रथम, अनमोल कुमार ने द्वितीय तथा शेफ और अरशद कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्रुप-बी में आर्यन कुमार प्रथम रहे, जबकि दिभांस और अभिनास ने द्वितीय तथा सामर्थ और द्विभांसी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
रंगोली प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बिखेरे रंग
ग्रुप-सी में सरनाली चटर्जी ने प्रथम, निधि कुमारी ने द्वितीय और आराध्या कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दूसरी ओर, रंगोली प्रतियोगिता में बड़ी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक क्षमता का परिचय दिया। ग्रुप-ए में पांचवीं से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के बीच आयोजित प्रतियोगिता में सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने पहला स्थान हासिल किया। जबकि ग्रुप-बी में नौवीं कक्षा की छात्राएं प्रथम और दसवीं कक्षा की छात्राएं द्वितीय स्थान पर रहीं।
विजेताओं को पुरस्कार, सभी बच्चों को मिला दीपावली का उपहार
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं, अन्य प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। दीपावली के उपहार स्वरूप सभी बच्चों को पटाखे दिए गए और स्वादिष्ट अल्पाहार भी कराया गया। इस आयोजन ने बच्चों के बीच उत्सव की खुशियां साझा करने के साथ उनकी रचनात्मकता को भी प्रोत्साहित किया।
प्राचार्य ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की
विद्यालय के प्राचार्य तापस बनर्जी ने सभी विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह और उमंग देखते ही बन रही थी।










