Amethi: अमेठी जिले के जायस कस्बे में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज रफ्तार से आ रहा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी फल विक्रेताओं की दुकानों में जा घुसा। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते दुकानदार और ग्राहक वहां से हट गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि कई फल विक्रेताओं की दुकानें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ वहां सड़क पर खतरनाक मोड़ होने के कारण अक्सर वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक आधा दर्जन से अधिक बार इसी स्थान पर वाहन दुकानों में घुस चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया। लगातार हो रहे हादसों से दुकानदारों में दहशत का माहौल है।

घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि आए दिन दुर्घटनाओं के कारण उनकी दुकानों और सामान का नुकसान होता है। कई बार प्रशासन से सुरक्षित व्यवस्था कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
इसी दौरान क्षेत्र में गश्त पर निकले पुलिस अधीक्षक (एसपी) मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर रुककर दुकानदारों और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सूचना मिलते ही जायस कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने डंपर को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए खतरनाक मोड़ पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और सुरक्षा बैरिकेड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। लगातार हो रहे हादसों से दुकानदारों में भारी नाराजगी है।










