Bahraich: सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री ने की बैठक, समय से पहले कार्ययोजना बनाने के निर्देश

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, विकसित भारत-2047 के संकल्प से लोगों को जोड़ने पर जोर

Bahraich: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान (Seva Sankalp Abhiyan) की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक हुई।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग तथा जनपद बहराइच के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने की। बैठक में एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, पदमसेन चौधरी, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, विधायक नानपारा राम निवास वर्मा, विधायक बलहा सरोज सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान की तैयारियों की जानकारी लेते हुए कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान को प्रभावी और जनभागीदारी वाला बनाया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा कर समय से पहले विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए। अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सरकार की योजनाओं से जोड़ने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाए।

बैठक में ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं, महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों और विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा अभियान से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाने को लेकर भी चर्चा हुई।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अभियान से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और विभागवार जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय की जाएं। उन्होंने कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट तैयार करने पर भी जोर दिया, जिससे पूरे एक माह तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान बहराइच में प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

Other Latest News

Leave a Comment