Bokaro: खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 32 किलो खराब कलाकंद नष्ट

बोकारो में 22 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, रसगुल्ला, मसूर दाल और हल्दी के नमूने जांच के लिए भेजे गए

Bokaro: उपायुक्त बोकारो एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बोकारो के निर्देश पर त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 एवं 14 अक्टूबर 2026 को बोकारो जिले के गोमिया, स्वांग, पेटरवार, उपायुक्त कार्यालय के समीप तथा चास क्षेत्र में स्थित लगभग 22 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, बोकारो के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्रीमती गुलाब लकड़ा, श्रीमती पूजा कुमारी एवं एम. ए. आलम ने जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान एफएसएसएआई (FSSAI) का पंजीकरण या लाइसेंस नहीं लेने वाले खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया।

32 किलो खराब कलाकंद नष्ट

जांच के दौरान लगभग 32 किलोग्राम खराब कलाकंद नष्ट कराया गया। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए रसगुल्ला, मसूर दाल और हल्दी के नमूने एकत्र कर राज्य प्रयोगशाला, रांची भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नकली मिठाई और पनीर की बिक्री पर सख्ती

खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के निर्माण में स्वच्छता का ध्यान रखने तथा अखाद्य रंगों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया है। साथ ही बाहर से आने वाली सिंथेटिक एवं नकली मिठाई, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Other Latest News

Leave a Comment