LPG Rule Change: घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए अक्टूबर की शुरुआत अहम होने जा रही है। 1 अक्टूबर 2026 से LPG रिफिल और सब्सिडी से जुड़ी नियम में बदलाव होने जा रही है। इसके तहत सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) पूरा होना जरूरी होगा। इसलिए जिन ग्राहकों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें समय रहते अपना स्टेटस जरूर जांच लेना चाहिए।
BAA नहीं कराया तो सिलेंडर मिलेगा, लेकिन सब्सिडी नहीं

नए नियम का मतलब यह नहीं है कि बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कराने वाले लोगों को LPG सिलेंडर ही नहीं मिलेगा। ऐसे ग्राहक सामान्य तरीके से रिफिल ले सकेंगे, लेकिन उन्हें सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदना होगा। यानी सब्सिडी का लाभ लेने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा करना जरूरी होगा।
27 करोड़ से अधिक ग्राहक करा चुके हैं सत्यापन
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 19 सितंबर 2026 तक देश में 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन करा चुके थे। यह सक्रिय घरेलू कनेक्शनों का लगभग 89.9 प्रतिशत है। जिन ग्राहकों का सत्यापन पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा BAA कराने की जरूरत नहीं होगी।
करीब 210 रुपये तक की सब्सिडी का मामला
सितंबर 2026 में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर पर अप्रत्यक्ष सब्सिडी करीब 210 रुपये बताई गई है। ऐसे में BAA पूरा नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं पर रिफिल की वास्तविक कीमत का बोझ पड़ सकता है। हालांकि सब्सिडी की वास्तविक राशि और पात्रता सरकार की मौजूदा व्यवस्था के अनुसार बदल सकती है।
डुप्लीकेट कनेक्शन पर भी नजर
सरकार की ओर से बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को LPG उपभोक्ताओं की पहचान को अधिक सटीक बनाने की प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। इसका एक उद्देश्य ऐसे कनेक्शनों की पहचान करना भी है जो डुप्लीकेट या पात्रता के दायरे से बाहर हो सकते हैं। इसके अलावा घरेलू सब्सिडी वाले सिलेंडरों के गलत इस्तेमाल पर रोक लगाने में भी यह व्यवस्था मदद कर सकती है।
अक्टूबर 2023 से चल रही है प्रक्रिया
LPG ग्राहकों के आधार बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया अक्टूबर 2023 से चल रही है। इसकी अंतिम तारीख अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ाई गई है। पहले 30 जून 2026 तक इसे पूरा करने की समयसीमा बताई गई थी, जिसे बाद में 14 सितंबर तक बढ़ाया गया। अब 1 अक्टूबर से सब्सिडी प्राप्त करने के लिहाज से इसका महत्व और बढ़ जाएगा।
गैस डिलीवरी के समय भी करा सकते हैं BAA
उपभोक्ताओं को ऑथेंटिकेशन के लिए जरूरी नहीं कि अलग से लंबी प्रक्रिया पूरी करनी पड़े। कई मामलों में LPG सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान भी बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा सकता है। इसके अलावा ग्राहक अपने संबंधित गैस वितरक के शोरूम पर जाकर भी BAA पूरा करा सकते हैं।
मोबाइल ऐप से भी मिलेगा विकल्प
अगर आप घर से ही प्रक्रिया पूरी करना चाहते हैं तो संबंधित सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है। IndianOil ONE, HelloBPCL और HP PAY जैसे ऐप के माध्यम से उपलब्ध सुविधा के जरिए ग्राहक अपना आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा कर सकते हैं। इसलिए 1 अक्टूबर से पहले अपने LPG कनेक्शन का BAA स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि सब्सिडी से जुड़े लाभ में किसी तरह की परेशानी न हो।










