CCL सीएमडी से राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ की वार्ता

मजदूर समस्याओं का समाधान सर्वोपरि : के एन त्रिपाठी

राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ की सीसीएल (CCL) के सीएमडी नीलेंदु सिंह के साथ बुधवार को परिचयात्मक बैठक हुई। बैठक में पूर्व मंत्री एवं इंडियन नेशनल माइंस वर्कर्स फेडरेशन के अध्यक्ष के एन त्रिपाठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

सीसीएल मुख्यालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ और सीसीएल प्रबंधन के बीच मजदूरों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। संघ के पदाधिकारियों ने पेयजल, चिकित्सा, पेंशन कटौती, संडे ड्यूटी भुगतान सहित विभिन्न मुद्दों को सीएमडी के समक्ष उठाया।

रीजनल सचिव वरुण कुमार सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद कई क्षेत्रों में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। सिविल विभाग द्वारा वार्षिक अनुरक्षण (एनुअल मेंटेनेंस) के लिए टेंडर किए जाने के बावजूद मजदूरों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशन के लिए अयोग्य मजदूरों से भी दो प्रतिशत राशि की कटौती की गई है, जिसे अब तक वापस नहीं किया गया है।

संघ ने संडे ड्यूटी के भुगतान में हो रही देरी, विभिन्न क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी, बच्चों के लिए स्कूल बस की अनुपलब्धता तथा कथारा कोलियरी में कोयला एवं ओबी डंपिंग क्षेत्र में लगी आग की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। रीजनल अध्यक्ष बी.एन. पांडे ने मेडिकल रेफरल प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की।

पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रबंधन से मजदूर हितों से जुड़े मामलों पर त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु सिंह ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में रीजनल कोषाध्यक्ष पंकज दुबे, मुख्यालय सचिव आरपी सिंह, मिथिलेश दुबे, अख्तर आजाद, सुनील सिंह, मोहम्मद वकील अंसारी, सतीश पांडे, ओमप्रकाश प्रजापति, बच्चन पांडे, खजांची राम, ऋषिकेश मिश्रा, उदय प्रताप सिंह, संजय सिंह, मंगरा उरांव, जेया आलम, अनिल चौबे, एसके दुबे, देवकांत शर्मा, अशोक कुमार ओझा, जोगेंद्र सोनार, हरेंद्र सिंह, मनोज सिंह, जेएन पांडे, बसंत मुंडा, मुमताज अहमद, प्रदीप पांडे, सोनू पांडे, कुलदीप कुमार, पाजू महतो सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।

Other Latest News

Leave a Comment