बोकारो थर्मल : बेरमो प्रखंड अंतर्गत बोकारो थर्मल स्थित बीटीपीएस (BTPS) के समीप लहरिया टांड़ गांव में शुक्रवार को सीआईएसएफ (CISF) अग्निशमन शाखा द्वारा एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट (अग्नि) अरुण कुमार गिरी एवं निरीक्षक (अग्नि) ए. के. शर्मा की उपस्थिति में अग्निशमन बल के सदस्यों ने ग्रामीणों को आग से बचाव तथा प्रारंभिक अवस्था में उस पर काबू पाने के प्रभावी तरीके सिखाए।

प्रशिक्षण के दौरान खेत-खलिहान एवं घरों में लगने वाली आग को नियंत्रित करने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही रसोई घर में गैस सिलेंडर से लगने वाली आग और एलपीजी गैस रिसाव की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लाइव डेमो रहा, जिसमें विभिन्न परिस्थितियों में आग बुझाने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि घबराने के बजाय सूझबूझ और सही तकनीक अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर गांव के पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और प्रशिक्षण को गंभीरता से सीखा। ग्रामीणों ने इस जन-जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए सक्षम बनाना एवं संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोकना है। सीआईएसएफ की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।










