बोकारो थर्मल: भारत सरकार के निर्देशानुसार बीटीपीएस (BTPS) में 16 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा (Swachhata Pakhwada) का समापन समारोह शनिवार को बोकारो क्लब, बीटीपीएस (BTPS) में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों एवं स्कूली छात्रों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बीटीपीएस (BTPS) के मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान (CGM & HOP) सुशील कुमार अरजरिया ने स्वच्छता पखवाड़ा के सफल आयोजन के लिए संपूर्ण एचआर टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी विभागों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान सफल एवं प्रेरणादायी बना है।

उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी शुभकामनाएं दीं। समारोह में एलेक्जेंडर ए. कुजूर (जीएम), पराथसारथी मुखर्जी (सीनियर मैनेजर-एचआर), सुनील कुमार (मैनेजर-एचआर), अंजू बोपाई (मैनेजर-एचआर) सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में परियोजना प्रधान श्री अरजरिया ने समापन समारोह की आयोजन समिति तथा पूरे स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान सहयोग प्रदान करने वाली डीवीसी अस्पताल डॉ आरती रानी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से स्वच्छता पखवाड़ा (Swachhata Pakhwada) का उद्देश्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचा।










